Saturday, 27 July 2013

कायल हूँ .

मैंने मूर्ति गढ़ी ,
परन्तु ,
तुम्हें पसंद नहीं थी .

तुम रोकते गए ,
मैं मूर्ति बनाता गया ,
आखिर में ,
मेरी मूर्ति बन गयी ,
और ,
मैं चल पडा हूँ ,
आगे की ओर .

अब तुम कहते हो ,
मैं सब कुछ ,
सूना कर गया हूँ ,
मैं तुम्हारे इसी प्यार का ,
कायल हूँ .

खैर ,
किसी अगले मोड़ पर ,
अच्छे से मिलते हैं .
मुझे कविता ने ,
यही सिखाया है .

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द ( राज.)

प्रार्थना ! चिरंजीवी बन जाना .

प्रार्थनाएं मन मांजती हैं ,
और मन ,
स्वच्छ दर्पण सा
दमक उठता है .
उस दर्पण में ,
देखता हूँ स्वयं को ,
तब ,
मेरी जगह सदा ही ,
तुम मिलते .

प्रार्थना में बुदबुदाए ,
अस्फुट शब्द ,
स्वस्ति वाचन की तरह ,
अंतर्मन में ,
अनुगुंजित हो कर ,
बाहर आते ,
तब आपाधापी के ,
कोलाहल में ,
मानो प्रार्थना के स्वर ,
तप्त धरा पर वृष्टि जैसे .

प्रार्थनाओं से ,
मन जैसे - तैसे ,
बुद्धि के भीषण प्रवाह में ,
जी लेता है ,
जिस से ,
संस्कृति की हरित दुर्वा ,
धरती से चिपट-चिपट ,
संवेदना के स्वर ,
मढ़ जाती है ,
जिस से जीवन ,
अब भी स्पंदित है ,
प्रार्थना !
चिरंजीवी बन जाना .

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द .( राज.)